देवरनिया के रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म पर गुरुवार शाम को बेदर्द मां अपने एक साल के मासूम बेटे को फेंक कर चली गई। स्टेशन मास्टर ने गुरुवार रात को बच्चा पुलिस को सौंप दिया। बाल कल्याण समिति ने बच्चे को वार्न बेबी फोल्ड भेज दिया मगर वहां से मना कर दिया गया। प्लेटफार्म के अंत में एक पत्थर की बेंच पर गुरुवार शाम को एक साल का बच्चा रखकर कोई चला गया। छोड़ने वाले किसी व्यक्ति को यात्रियों ने नहीं देखा। गुरुवार देर शाम जैसे ही बच्चे पर यात्रियों की नजर पड़ी उन्होंने स्टेशन मास्टर को बुला लिया।
स्टेशन मास्टर ने देवरनिया पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने गुरुवार रात को बच्चा देवरनिया के एक परिवार को देखभाल के लिए सौंप दिया था। शुक्रवार सुबह पुलिस ने चाइल्ड लाइन को सौंपा। इसके बाद बाल कल्याण समिति के मजिस्ट्रेट डॉक्टर डीएन शर्मा के सामने पेश किया। गया। उधर, बच्चे की चाहत में देवरनिया एक परिवार बाल कल्याण समिति तक पहुंच गया और गोद लेने इच्छा जाहिर की। समिति ने गोद लेने की प्रक्रिया समझाकर परिवार को वापस लौटा दिया।